
नई दिल्ली, फरवरी 22: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से रविवार को होगा. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया सुपर-8 राउंड में अपनी जीत की लकीर को जारी रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. आइए जानते हैं उन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में, जो इस महत्वपूर्ण मैच में अपनी शानदार प्रदर्शन से जीत दिला सकते हैं.
ईशान किशन: टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने इस विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. उन्होंने 4 मैचों में 202 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए हैं. पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में ईशान ने 44 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली थी. ईशान की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी पावरप्ले में मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ सकती है. अहमदाबाद में टीम इंडिया को ईशान से एक बार फिर धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
हार्दिक पांड्या: हार्दिक पांड्या इस मैच में भारतीय टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं. उन्हें नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेलने का काफी अनुभव है. आईपीएल में हार्दिक ने गुजरात टाइटंस की ओर से इस मैदान पर कई मैच खेले हैं. इस विश्व कप में भी हार्दिक बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. भारतीय टीम हार्दिक से साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करती है.
वरुण चक्रवर्ती: वरुण चक्रवर्ती साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों के लिए एक चुनौती साबित होते हैं. भारत की ओर से टी20 फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने में वरुण दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 8 मैचों में प्रोटियाज टीम के खिलाफ 22 विकेट लिए हैं. इस विश्व कप में भी वरुण ने भारत के लिए अब तक सबसे अधिक 9 विकेट लिए हैं.