एडम जांपा बने टी20 वर्ल्ड कप में दूसरे सबसे सफल गेंदबाज

कोलंबो, फरवरी 12: एडम जांपा टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. इस लेग स्पिनर ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 40 विकेट हासिल किए हैं, जिससे उन्होंने वानिंदु हसरंगा और राशिद खान के साथ बराबरी कर ली है.

इन तीनों गेंदबाजों ने टी20 वर्ल्ड कप में 40-40 विकेट लिए हैं, जबकि शाहिद अफरीदी 39 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं. शीर्ष पर बांग्लादेश के शाकिब अल हसन हैं, जिन्होंने 50 विकेट अपने नाम किए. आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में, एडम जांपा ने 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट निकाले.

यह जांपा का टी20 वर्ल्ड कप में दूसरा ‘फोर-विकेट हॉल’ है. उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक बार 5 विकेट भी लिए हैं. कुल मिलाकर, जांपा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 112 मुकाबलों में 20.56 की औसत से 143 विकेट लिए हैं.

इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए. मार्कस स्टोइनिस ने 45 रन बनाए, जबकि मैट रेनेशॉ और जोश इंगलिस ने 37-37 रन का योगदान दिया. विपक्षी टीम के मार्क अडायर ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मैथ्यू हम्फ्रीज, जॉर्ज डॉकरेल और हैरी टेक्टर ने 1-1 विकेट लिया.

आयरलैंड की टीम 16.5 ओवरों में 115 रन पर सिमट गई. जॉर्ज डॉकरेल ने 41 रन बनाए, जबकि लॉरेन टकर ने 24 रन का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस और एडम जांपा ने 4-4 विकेट लिए. एक विकेट मैथ्यू कुहनेमन के हाथ लगा.

ऑस्ट्रेलियाई टीम 13 फरवरी को अपने अगले मुकाबले में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज का दूसरा मैच होगा. इस मुकाबले में जांपा के पास राशिद और हसरंगा से आगे निकलने का मौका होगा.

Leave a Comment