आदित्य बिड़ला ग्रुप ने आरसीबी को 1.78 अरब डॉलर में खरीदा

नई दिल्ली, मार्च 25: आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम ने मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 1.78 अरब डॉलर (लगभग 16,725 करोड़ रुपए) में खरीद लिया है.

एक न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, ‘क्रिकबज’ ने बताया कि इस कंसोर्टियम में बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोकन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रेटेजी भी शामिल हैं. ये सभी मिलकर आरसीबी को खरीदने में सफल रहे हैं. आरसीबी आईपीएल की आठ मूल फ्रेंचाइजी में से एक है, जिसे 2008 में स्थापित किया गया था.

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस कंसोर्टियम ने यूके की कंपनी डियाजियो पीएलसी की सहायक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ एक पक्का समझौता किया है, जिसके तहत वे आरसीबी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करेंगे. इस सौदे में आईपीएल और डब्ल्यूपीएल, दोनों की पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं.

नई मालिकाना संरचना के तहत, आदित्य बिड़ला ग्रुप के निदेशक आर्यमन विक्रम बिड़ला चेयरमैन बनेंगे, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे. रिपोर्ट के अनुसार, कंसोर्टियम में बोल्ट वेंचर्स के संस्थापक डेविड ब्लिट्जर और बीएक्सपीई के सीईओ वायरल पटेल भी शामिल हैं.

यह अधिग्रहण नियामक निकायों और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से मंजूरी पर निर्भर है.

डियाजियो पीएलसी ने कुछ महीने पहले आरसीबी को बिक्री के लिए पेश किया था, जिसके बाद कई इच्छुक खरीदारों ने इस फ्रेंचाइजी को खरीदने में रुचि दिखाई थी. इनमें सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के आदर पूनावाला भी शामिल थे.

आरसीबी पहली और एकमात्र ऐसी फ्रेंचाइजी है, जिसके पास एक ही समय में आईपीएल और डब्ल्यूपीएल, दोनों के खिताब हैं. आरसीबी की पुरुष टीम ने आईपीएल 2025 में अपना पहला खिताब जीता था, और फरवरी 2026 में महिला टीम ने डब्ल्यूपीएल का दूसरा खिताब जीता.

आरसीबी फ्रेंचाइजी को एक बोली-प्रक्रिया के जरिए तत्कालीन शराब कारोबारी विजय माल्या ने खरीदा था, जिसमें युवा विराट कोहली को ‘आइकन प्लेयर’ के तौर पर शामिल किया गया था. डियाजियो पीएलसी ने आरसीबी का अधिग्रहण तब किया, जब उसने माल्या से यूनाइटेड स्पिरिट्स को अपने नियंत्रण में लिया.

Leave a Comment