
नई दिल्ली, फरवरी 24: डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने बताया कि रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस, जिसमें सात लोग सवार थे, झारखंड के चतरा जिले की कसारिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
जिला प्रशासन की सर्च-एंड-रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है और एएआईबी टीम को जांच के लिए भेजा जा रहा है. एविएशन रेगुलेटर ने एक बयान में कहा कि आगे की जानकारी साझा की जाएगी.
डीजीसीए ने कहा, “23 फरवरी को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी90 एयरक्राफ्ट वीटी-एजेवी, जो ‘रांची-दिल्ली’ सेक्टर पर मेडिकल इवैक्यूएशन फ्लाइट ऑपरेट कर रहा था, चतरा जिले के कसारिया पंचायत में क्रैश हो गया. इसमें दो क्रू मेंबर समेत सात लोग सवार थे.”
एयरक्राफ्ट ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी. कोलकाता से संपर्क होने के बाद, 7:34 पर, एयरक्राफ्ट का वाराणसी से लगभग 100 एनएम दक्षिण-पूर्व में कोलकाता से संचार और रडार संपर्क टूट गया. यह रांची से दिल्ली के लिए मेडिकल चार्टर फ्लाइट थी, जिसे दिल्ली की रेडबर्ड एयरवेज ऑपरेट करती थी.
इसमें सवार सात लोगों में 1 मरीज, 1 डॉक्टर, 1 पैरामेडिक, 2 अटेंडेंट, 1 पायलट और 1 को-पायलट शामिल थे. बचाव अभियान जारी है और अभी और जानकारी सामने नहीं आई है. दिल्ली में लैंडिंग का अनुमानित समय रात 10 बजे था.
बताया जा रहा है कि विमान चतरा जिला के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के समीप स्थित जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. स्थानीय लोगों ने तेज आवाज सुनने और धुएं का गुबार उठते देखने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची.
रडार डेटा और विमान की अंतिम ज्ञात लोकेशन के आधार पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है. घने जंगल और दुर्गम भू-भाग के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हैं. सूत्रों के अनुसार, ईडी सीएपी (इमरजेंसी डेटा सेंट्रलाइज्ड एक्शन प्लान) पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है.
नागरिक उड्डयन विभाग और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल, दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आएगी.
–
पीएसके