आयुर्वेद की जादुई जड़ी-बूटी ‘मकोय’ के अद्भुत लाभ

नई दिल्ली, 10 मार्च: प्रकृति ने मानव स्वास्थ्य के लिए अनेक औषधीय पौधे प्रदान किए हैं, जिनमें मकोय एक महत्वपूर्ण जड़ी-बूटी है. यह पौधा भले ही छोटा दिखता हो, लेकिन इसके औषधीय गुण अत्यंत प्रभावशाली हैं.

आयुर्वेद में इसे त्रिदोषनाशक माना गया है. यह वात, पित्त और कफ को संतुलित करने में सहायक है. मकोय लिवर की रक्षा, सूजन कम करने, पेट के रोगों, पीलिया, चर्म रोगों और बुखार में लाभकारी होता है.

पुराने समय में इसके पके फल, पत्ते और जड़ें औषधीय उपयोग के लिए प्रयोग की जाती थीं. मकोय की तासीर ठंडी होती है, जिससे इसके छोटे काले फल और हरे पत्ते शरीर को शीतलता प्रदान करते हैं और विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करते हैं. ग्रामीण इलाकों में लोग इसे घरेलू इलाज के रूप में सदियों से उपयोग कर रहे हैं. इसके पत्ते, फल, जड़ और तना सभी दवा के काम आते हैं.

सुश्रुत संहिता में इसे ‘काकमाची’ के नाम से जाना जाता है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो दाद-खाज, खुजली और सनबर्न जैसी त्वचा संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार साबित हो सकते हैं.

इसके पके हुए फल टीबी जैसी बीमारियों में भी फायदेमंद हो सकते हैं. इसमें कैंसर रोधी गुण होते हैं, जो ट्यूमर और कैंसर सेल्स के विकास को रोकने में सहायक हैं. यह हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज में भी असरदार है, क्योंकि यह ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करता है.

मकोय के गुणों का वर्णन प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथों सुश्रुत और चरक संहिता में किया गया है. यह एक ऐसा रसायन है जो शरीर के टॉक्सिन्स को खत्म करता है. हालांकि, इसका सेवन करने से पहले योग्य आयुर्वेदाचार्य या डॉक्टर से सलाह अवश्य लें.

Leave a Comment