
गुवाहाटी, 15 मार्च: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुवाहाटी में कई स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि 10 साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवाएं जर्जर थीं. कांग्रेस ने अपने परिवारों के आर्थिक स्वास्थ्य के अलावा लोगों के स्वास्थ्य की चिंता नहीं की.
गुवाहाटी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की प्रशंसा की. उन्होंने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा ने असम की स्वास्थ्य सेवाओं को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों के समकक्ष लाने में सफलता प्राप्त की है.”
शाह ने बताया कि प्रोटोन थेरेपी जैसी अत्याधुनिक तकनीक, जो महंगी है, देश के किसी सरकारी अस्पताल में उपलब्ध नहीं है. लेकिन हिमंत बिस्वा सरमा 400 करोड़ रुपए की लागत से इसे स्थापित करने जा रहे हैं. असम देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सरकारी कैंसर अस्पताल में प्रोटोन थेरेपी होगी.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज 700 करोड़ रुपए की लागत से बने प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन हुआ. गोलाघाट और तीनसुखिया में कैंसर सेंटर के अलावा दीफू, बरपेटा और जोराहाट में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का शिलान्यास हुआ. शाह ने कहा, “एक ही दिन में स्वास्थ्य क्षेत्र में असम को कंप्लीट राज्य बनाने का प्रयास हिमंत बिस्वा सरमा ने किया है. उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं.”
अमित शाह ने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा की सोच है कि एक भी मरीज असम से बाहर न जाए. उनका उद्देश्य है कि बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के गरीब मरीज भी असम में आकर अपना इलाज कराएं. यह बहुत बड़ी बात है. आज 5 साल के कार्यक्रम में बराक वेली, उत्तर असम, सेंटर असम, लोअर असम, लगभग असम के हर हिस्से में स्वास्थ्य सेवाओं की चिंता की गई है.”