
नई दिल्ली, 19 मार्च: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2026 के विधानसभा उपचुनाव के लिए विभिन्न राज्यों से पांच उम्मीदवारों की घोषणा की है. इनमें गोवा, नागालैंड, कर्नाटक और त्रिपुरा की विधानसभा सीटें शामिल हैं.
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुधवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित हुई. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और अन्य सदस्य उपस्थित रहे. समिति ने उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई और इसके बाद सूची जारी की गई.
भाजपा ने गोवा की पोंडा विधानसभा सीट से रितेश रवि नायक को उम्मीदवार बनाया है. नागालैंड की कोरिडांग (आरक्षित) विधानसभा सीट से दाओचियर आई इम्चेन को टिकट दिया गया है. कर्नाटक के बागलकोट विधानसभा से वीरभद्रय्या चरंतीमठ और दावणगेरे दक्षिण से श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा को उम्मीदवार बनाया गया है. त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट से जहर चक्रवर्ती को भी उम्मीदवार बनाया गया है.
इन विधानसभा सीटों पर मतदान 9 अप्रैल को होगा. इसके अलावा, गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. सभी सीटों की मतगणना 4 मई को होगी.
उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा और अन्य विपक्षी पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है. राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों और छह राज्यों में उपचुनावों के लिए 1,111 पर्यवेक्षक तैनात किए हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि चुनाव-हिंसा और प्रलोभन मुक्त कराए जाएं ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय या पक्षपात के अपना वोट डाल सके. पर्यवेक्षक इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.