
पटना, 22 फरवरी: भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने इस समिट में देश की छवि को धूमिल किया है. शरण ने कहा, “दुनिया भर से लोग इस समिट में आए थे. अगर कुछ कहना था, तो मंच पर आकर बोल सकते थे. लेकिन जिस तरह से उन्होंने टीशर्ट निकालकर प्रदर्शन किया, वह उनकी असली मानसिकता को दर्शाता है. कांग्रेसी खोखली राष्ट्रवाद की बात करते हैं और जब भी राष्ट्र का सम्मान होता है, वे सबसे पहले उसका अपमान करते हैं.”
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समिट का महत्व केवल एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे देश का होता है. कांग्रेस के कार्यों की जितनी निंदा की जाए, वह कम है.
अमित शाह के घुसपैठियों को लेकर दिए गए बयान पर शंभू शरण ने कहा कि अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को केवल वोटर लिस्ट से नहीं, बल्कि देश से भी भगाया जाएगा. इसके लिए कागजी प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है. शरण ने दावा किया कि ममता बनर्जी इस बार चुनाव हारेंगी और उनके बयानों का कोई महत्व नहीं है.
बिहार में कानून व्यवस्था पर तेजस्वी यादव की आलोचना पर शंभू शरण ने कहा कि एनडीए सरकार कभी भी कानून-व्यवस्था के साथ समझौता नहीं करती. जो अपराध करेंगे, उन्हें सजा मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा कि आरजेडी के शासन में बिहार में अराजकता थी, जबकि भाजपा और एनडीए की सरकार कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देती है.