
कोलकाता, 4 मार्च: न्यूजीलैंड के खिलाफ ईडन गार्डन्स में हुए सेमीफाइनल-1 में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ साउथ अफ्रीका का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो गया. कप्तान एडेन मार्करम ने हार के कारणों का विश्लेषण किया.
साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 169 रन बनाए. देवाल्ड ब्रेविस ने 34 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रन बनाए, जबकि मार्को जानसेन ने 55 रन की नाबाद पारी खेली. न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट (58) और फिन एलन (नाबाद 100) की साझेदारी की बदौलत 12.5 ओवर में 9 विकेट से जीत हासिल की.
मार्करम ने कहा, “शुरुआत में परिस्थितियों को समझना जरूरी था. न्यूजीलैंड की गेंदबाजी ने नई गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया. गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी, जिससे रन बनाना मुश्किल हुआ.”
उन्होंने आगे कहा, “जब कोई खिलाड़ी ऐसी पारी खेलता है, तो फील्डिंग टीम के लिए परिणाम सकारात्मक नहीं होते. 170 तक पहुंचना हमारे लिए एक अच्छा प्रयास था.”
मार्करम ने सीफर्ट और एलन की तारीफ की, “पावरप्ले में उन्होंने शानदार शुरुआत की. हर बाउंड्री को बचाना संभव नहीं था, और यहीं से मैच हाथ से निकल गया.”
कप्तान ने कहा, “टीम में सुधार के लिए हमें विचार करना होगा. विकेट अच्छा लग रहा था, लेकिन शायद हमें जल्दी हालात के अनुसार ढलना चाहिए था.”
उन्होंने कहा, “इस हार से निराशा हुई है, लेकिन मुझे अपनी टीम पर गर्व है. हमने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा क्रिकेट खेला है. हमें भावनाओं को शांत करना होगा और फिर मैच का विश्लेषण करना होगा.”
–
आरएसजी