टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने पर देशभर में जश्न

नई दिल्ली, 2 मार्च: टीम इंडिया ने रविवार को वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है. कैरेबियाई टीम द्वारा दिए गए 196 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया. पूरे देश में इस जीत का जश्न मनाया जा रहा है और फैंस टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हैं.

बंगाल क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने संजू सैमसन की शानदार पारी की सराहना की. उन्होंने कहा, “यह एक शानदार मुकाबला था. भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया. 196 रनों का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं था, लेकिन संजू सैमसन ने धमाकेदार पारी खेलकर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया.”

महाराष्ट्र में फैंस भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने पर खुशी से झूमते नजर आए. उन्होंने संजू सैमसन की 97 रनों की नाबाद पारी की जमकर तारीफ की. एक फैन ने कहा, “भारतीय टीम फाइनल में पहुंचेगी और सूर्या की सेना साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी.” वहीं, एक अन्य फैन ने गेंदबाजी अटैक में सुधार की सलाह दी.

उत्तर प्रदेश के संभल में लोगों ने गाने बजाकर डांस करते हुए टीम इंडिया की इस जीत का जश्न मनाया. फैंस एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए होली का त्योहार भी मनाते दिखे.

टीएमसी एमएलए बाबुल सुप्रियो ने कहा, “यह वैसा मैच था जिसकी हम सभी को उम्मीद थी. वेस्टइंडीज ने बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन भारत ने अंत में शानदार प्रदर्शन किया. संजू सैमसन का खेल अद्भुत था.”

ईडन गार्डन्स स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे फैंस ने कहा, “भारत ने शानदार खेल दिखाया. यह सेमीफाइनल के जैसा था. हम फाइनल भी जीतेंगे.”

पटना में भी भारत की जीत का जश्न मनाया गया. यहां ‘भारत माता की जय’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारे गूंजे. फैंस ने विश्वास जताया कि भारत एक बार फिर विश्व कप खिताब अपने नाम करेगा. नौशाद आलम ने कहा, “खिलाड़ियों को सैमसन से सीख लेनी चाहिए. भारत निश्चित रूप से इस विश्व कप को जीतेगा.”

संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली. अब टीम इंडिया का सामना 5 मार्च को इंग्लैंड से सेमीफाइनल में होगा.

Leave a Comment