
रायपुर, 21 फरवरी: भारतीय निर्वाचन आयोग (एसआईआर) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के समापन के बाद शनिवार को छत्तीसगढ़ की फाइनल मतदाता सूची जारी की. इस प्रक्रिया के बाद राज्य में कुल 1,87,30,914 पंजीकृत मतदाता हैं, जिसमें 2,34,994 की वृद्धि हुई है.
चुनाव आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट सूची में पहले 2,12,30,737 मतदाता थे. एसआईआर प्रक्रिया के बाद यह संख्या घटकर 1,84,95,920 हो गई. अंतिम मतदाता सूची में कुल 24,99,823 नाम बाहर किए गए हैं.
आयोग ने बताया कि एसआईआर की घोषणा के बाद, राज्य भर में 2,12,30,737 मतदाताओं को गणना फॉर्म का वितरण किया गया. इस दौरान मृत मतदाता, स्थायी स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण वापस नहीं मिले फॉर्म की पुष्टि के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के बीच बैठकें आयोजित की गईं.
27,196 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और मतदाताओं के मिलान का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया. विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल की गई.
इस कार्य को समय पर पूरा करने के लिए 33 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 1990 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 27,196 बीएलओ और 38,846 बीएलए सहित कई स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही. राज्य के मतदाताओं का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा.
निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों के साथ फाइनल मतदाता सूची की प्रति साझा की है. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवन्त कुमार ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल की गई. उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में शामिल सभी कर्मचारियों को बधाई भी दी.