हरिद्वार में सीएम धामी ने चार साल की उपलब्धियां गिनाईं

हरिद्वार, 7 मार्च: उत्तराखंड की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को हरिद्वार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहे.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में सनातन संस्कृति का जयघोष विश्वभर में गूंज रहा है. भारत पुनः विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है.

उन्होंने बताया कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. नागरिकता संशोधन कानून लागू करके हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिया गया है. यह आपके पक्के इरादे का परिणाम है कि आज गुलामी की सोच वाले ब्रिटिश कानून समाप्त किए जा रहे हैं.

सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले, विश्व के अनेक देश भारत को कमजोर नजरों से देखते थे. लेकिन अब, पीएम मोदी के नेतृत्व में, पूरा विश्व भारत की सामर्थ्य से परिचित हो चुका है. भारत ने विभिन्न वैश्विक सम्मेलनों की सफल मेजबानी कर अपनी मजबूत उपस्थिति स्थापित की है.

उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तराखंड को ‘अचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ की श्रेणी प्राप्त हुई है. नीति आयोग के सूचकांक में उत्तराखंड ने सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है.

सीएम ने कहा कि हम प्रदेश के विकास के साथ-साथ यहां की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण के लिए भी कार्य कर रहे हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रेरणा से राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है. हमें गर्व है कि प्रदेश देश का पहला राज्य बना है जिसने इसे लागू किया.

जी-20 का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड पहली बार जी-20 सम्मेलन का साक्षी बना. राज्य में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ और खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर नया इतिहास रचा. हमारी सरकार के चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है.

वर्ष 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 3,56,000 करोड़ रुपए के निवेश समझौते हुए. पिछले वर्ष 1,00,000 करोड़ रुपए के निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने में सफलता प्राप्त हुई है.

सीएम ने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है. जिन क्षेत्रों में अशांति थी, आज वहां शांति और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं.

पीएम मोदी और अमित शाह की रणनीति का परिणाम है कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को पुनः सेवा का अवसर दिया.

Leave a Comment