सीएम मोहन यादव की कार्रवाई, कलेक्टर और एसपी को हटाया गया

सीधी, 22 मार्च: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सीधी जिला मुख्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सीधी के कलेक्टर और गुना के पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया.

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस निरीक्षण में जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के आधार पर जिला कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को हटाने के निर्देश दिए गए हैं.

उन्होंने महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को भी निलंबित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जवाबदेही से काम करना चाहिए.

दूसरे ‘एक्स’ पोस्ट में उन्होंने गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नकद राशि के मामले में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को असंतोषजनक मानते हुए गुना के एसपी अंकित सोनी को हटाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक शिथिलता और लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.

सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बधाई दी, जिन्होंने भारत में सबसे लंबे समय तक शासन करने का कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के ध्येय के साथ देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है.

Leave a Comment