केरल की नन्ही आलिन के अंगदान पर भावुक हुए सीएम सोरेन

रांची, फरवरी 19: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक हादसे में ब्रेन डेड हुई केरल की दस महीने की नन्ही आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान को मानवता का अद्वितीय उदाहरण बताते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया है.

उन्होंने लिखा, “संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होता है, लेकिन ऐसे समय में अंगदान का निर्णय लेना अद्भुत साहस, त्याग और करुणा का परिचायक है.”

सीएम ने इस घटना का उल्लेख करते हुए झारखंड में अंगदान के लिए एक मजबूत नीति बनाने का संकल्प लिया है. आलिन 5 फरवरी को केरल के कोट्टायम में अपने माता-पिता और रिश्तेदारों के साथ कार से यात्रा कर रही थीं, तभी एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं. उपचार के दौरान उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया गया.

इसके बाद उनके माता-पिता, शेरिन एन जॉन और अरुण अब्राहम, ने अपनी बेटी के अंग दान करने का निर्णय लिया. आलिन का लीवर, किडनी, कॉर्निया और हार्ट वॉल्व दान किए गए, जिससे चार बच्चों को नया जीवन मिला. नेदुंगदप्पल्ली स्थित सेंट थॉमस सीएसआई चर्च में आलिन का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया.

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि यह केवल अंगदान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अटूट आस्था का जीवंत प्रमाण है. उन्होंने लिखा कि आलिन का जीवन भले ही अल्पकालिक रहा, लेकिन वह कई परिवारों की उम्मीद बनकर अमर हो गई हैं.

उन्होंने दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके माता-पिता के साहस को नमन किया. सोरेन ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की संवेदनशीलता की भी सराहना की, जिन्होंने अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान देकर इस संदेश को और सशक्त किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान दूसरों को जीवन देने का महादान है और झारखंड सरकार राज्य में अंगदान नीति को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी.

Leave a Comment