
नई दिल्ली, 9 मार्च: गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार जीत हासिल की है. यह भारत की लगातार दूसरी बार इस वर्ल्ड कप को जीतने की उपलब्धि है. टीम इंडिया को इस जीत पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है.
‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “लगातार दो बार विश्व कप जीतना एक अद्वितीय उपलब्धि है. हमारी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और क्रिकेट का एक विशेष ब्रांड प्रदर्शित किया. शाबाश, टीम इंडिया. जय हिंद!”
विराट कोहली ने एक्स पर लिखा, “अहमदाबाद में टीम इंडिया की अभूतपूर्व जीत. पूरे टूर्नामेंट में हमने जो विस्फोटक क्रिकेट खेला, उसका कोई मुकाबला नहीं. खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में लड़ते रहने और एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने के लिए शानदार चरित्र दिखाया. सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन को बधाई. जय हिंद.”
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने लिखा, “लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन! वर्ल्ड कप का खिताब बचाना आसान नहीं होता. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में इस टीम ने शानदार इरादों के साथ खेल दिखाया. संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन किया.”
उन्होंने आगे कहा, “शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने जब भी टीम को जरूरत पड़ी, खेल का रुख पलटने का काम किया. जसप्रीत बुमराह ने कठिन परिस्थितियों में बेहतरीन प्रदर्शन किया. कोच गौतम गंभीर और सपोर्ट स्टाफ को भी बधाई!”
वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, “प्रेशर? वो क्या होता है. हमारे लड़कों ने ऐसे खेला जैसे यह रविवार का गली मैच हो.”
भारत ने टी20 विश्व कप में तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है.