हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने किए वादे पूरे: प्रतिभा सिंह

शिमला, 24 मार्च: हिमाचल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने अपनी सरकार की उपलब्धियों और पिछले चुनाव में किए गए वादों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव का आरोप भी लगाया.

प्रतिभा सिंह ने कहा, “2022 में कांग्रेस सरकार बनने से पहले प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, जिनकी कोई खास उपलब्धियां नहीं थीं. भाजपा ने प्रदेश में ऐसा कोई काम नहीं किया, जिस पर जनता चर्चा कर सके. कांग्रेस के लिए सबसे अच्छी बात यह थी कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यों को चुनाव प्रचार में प्रमुखता से रखा गया. लोगों ने श्रद्धांजलि के रूप में वोट दिए, क्योंकि वीरभद्र सिंह का निधन हो चुका था. लोगों ने पूर्व भाजपा सरकार और वीरभद्र सिंह के कार्यों की तुलना की और 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाई.”

उन्होंने आगे कहा, “हिमाचल प्रदेश एक छोटा सा राज्य है, जहां कई समस्याएं हैं. जो भी मेनिफेस्टो बनाया जाता है, वह लोगों की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखकर होता है. कांग्रेस सरकार बनने के तुरंत बाद पुरानी पेंशन को बहाल किया गया. दूध पर एमएसपी और बिजली की 300 यूनिट मुफ्त देने का वादा पूरा किया गया. महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा भी निभाया गया. कुछ क्षेत्रों में जो छूट गए थे, वहां भी काम किया जा रहा है. अन्य वादों पर भी सरकार काम कर रही है.”

प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हिमाचल प्रदेश की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा, “चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह हिमाचल के बेटे हैं. हिमाचल उनका दूसरा घर है और वह अपने घर के लिए हर संभव प्रयास करेंगे. लेकिन जब कांग्रेस सरकार बनी, तो मैंने हिमाचल की समस्याओं के बारे में उनसे मिलने की कोशिश की, लेकिन मेरी बात को अनसुना कर दिया गया.”

Leave a Comment