
कोलकाता, 6 मार्च: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) 9 मार्च से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में आयोग की टीम 8 मार्च की रात को कोलकाता पहुंचेगी. इसके बाद 9 और 10 मार्च को दो महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की जाएगी.
पश्चिम बंगाल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज अग्रवाल ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा, “ईसीआई की टीम 9 और 10 मार्च को पश्चिम बंगाल आ रही है. इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा होगी और आगे के कार्यों पर विचार किया जाएगा.”
मनोज अग्रवाल ने कहा, “हमने किसी का नाम नहीं काटा है. जो भी कार्य हो रहा है, वह नियमों के तहत किया जा रहा है. जो आदेश हमें दिए जाते हैं, हम उनका पालन करते हैं. इस विषय में हम ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते हैं. ईसीआई की टीम पत्रकारों और राजनीतिक पार्टियों के साथ भी बैठक कर रही है.”
सूत्रों के अनुसार, 9 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोग की फुल बेंच विभिन्न पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बैठक करेगी. इस बैठक में हर पार्टी को अपनी बात रखने के लिए लगभग 10 मिनट का समय दिया जाएगा.
इसके बाद, करीब 12:30 बजे, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल आयोग की फुल बेंच के सामने एक प्रस्तुति देंगे. इसमें न्यायिक निर्णयों की स्थिति और चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी. यह प्रस्तुति लगभग 30 मिनट चलेगी. इसके बाद दोपहर 1:15 बजे से 1:30 बजे के बीच आयोग की फुल बेंच राज्य और केंद्र की विभिन्न सुरक्षा और जांच एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगी.
सीईओ कार्यालय के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि इस बैठक में जिला मजिस्ट्रेट और जिला पुलिस अधीक्षक के साथ करीब 24 एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इसी बैठक के साथ 9 मार्च के कार्यक्रम का समापन हो जाएगा. 10 मार्च को चुनाव आयोग की पूरी टीम राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेगी. इस बैठक में राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडे भी शामिल होंगे.