मथुरा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, एक गिरफ्तार

मथुरा, 26 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार रात अडूकी गांव के पास पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है.

सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है. मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

16 फरवरी की रात भगवती नगर (चन्द्रपुरी) क्षेत्र में एक मकान में चोरी की घटना हुई थी. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजवीर (32), निवासी पीपला, राजस्थान, का नाम सामने आया. वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.

बुधवार रात करीब 10:05 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से अडूकी रोड की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम ने रेलवे लाइन के पास घेराबंदी की.

कुछ देर बाद संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया. पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी का सामान बरामद किया गया है. इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई.

पुलिस जांच में पता चला है कि राजवीर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना हाईवे, कोतवाली, सदर बाजार और जैत में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है. संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Leave a Comment