
कोलंबो, 27 फरवरी: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया. न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 3 गेंदें शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर हासिल किया. अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया.
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. फिल सॉल्ट महज 2 रन बनाकर आउट हुए. जोस बटलर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की पारी को संभालने का प्रयास किया और तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े.
ब्रूक ने 24 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि बेथेल ने 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे. 58 रनों पर इंग्लैंड ने 4 विकेट गंवा दिए थे. सैम करन और टॉम बैंटन ने फिर से मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े. करन ने 22 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि बैंटन ने 33 रन बनाकर टीम को आगे बढ़ाया.
117 रनों पर इंग्लैंड ने 6 विकेट खो दिए थे और जीत मुश्किल लग रही थी. लेकिन विल जैक्स और रेहान अहमद ने 16 गेंदों में 44 रनों की साझेदारी निभाई. जैक्स ने 18 गेंदों में 32 रन बनाए. उन्होंने 18वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ 22 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया. रेहान ने 7 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई.
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए. टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 6.6 ओवर में 64 रन जोड़े. सीफर्ट ने 25 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि एलन ने 19 गेंदों में 29 रन बनाए.
ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों में 39 रन बनाए. इंग्लैंड की गेंदबाजी में आदिल रशीद ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए. विल जैक्स ने भी 2 विकेट चटकाए. न्यूजीलैंड की हार के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है.