पीएम मोदी की सेल्फी में फौदा के रणबांकुरे

यरूशलम, 26 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान एक दिलचस्प पल आया जब उन्होंने ‘अंडरकवर एजेंट्स’ के साथ सेल्फी ली. भारत के पीएम ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया और एक लंबी सांस भी ली.

इस सेल्फी में पीएम मोदी के साथ 8 लोग नजर आ रहे हैं, जिनके चेहरे खुशी से दमक रहे हैं. तस्वीर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “शुक्र है, सिर्फ एक सेल्फी की ही इन्हें जरूरत थी, कोई अंडरकवर काम नहीं था!”

इस तस्वीर में दिख रहे अंडरकवर इजरायल के लोकप्रिय ओटीटी सीरीज ‘फौदा’ के रणबांकुरे हैं. ये वे लोग हैं जिन्होंने इस सीरीज को बनाने और इसमें काम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और इजरायल की ओर से युद्ध के मैदान में अपने कौशल का प्रदर्शन किया है.

‘फौदा’ इजरायल के सबसे चर्चित टीवी/ओटीटी सीरीज में से एक है, जिसे इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) के पूर्व सैनिक लियोर रज और एवी इश्कारोफ ने बनाया है. इस सीरीज का पहला संस्करण 2015 में टेलीविजन पर प्रसारित हुआ, और 2016 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया. इसे अरबी और हिब्रू में फिल्माया गया है, और नेटफ्लिक्स पर यह इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ उपलब्ध है.

2023 में इस सीरीज का एक महत्वपूर्ण सदस्य, मातम मीर, हमास के साथ लड़ाई में शहीद हो गया.

‘फौदा’ में इजरायली रक्षा बल और खुफिया एजेंसियों को फिलिस्तीन और गाजा में अपने दुश्मनों से निपटते हुए दिखाया गया है. इस शो ने कई पुरस्कार भी जीते हैं, जिसमें 2016 में इजरायली अकादमी अवार्ड्स में बेस्ट ड्रामा सीरीज का पुरस्कार शामिल है.

Leave a Comment