
कोलकाता, मार्च 5: न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार शतक लगाया. इस पारी के साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया.
एलन ने 33 गेंदों में 10 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए. इस पारी के दौरान उन्होंने एक विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया. अब तक इस विश्व कप में उन्होंने 20 छक्के लगाए हैं, जिससे उन्होंने शिमरोन हेटमायर (19 छक्के) और साहिबजादा फरहान (18 छक्के) को पीछे छोड़ दिया.
पहले एक विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड निकोलन पूरन के नाम था, जिन्होंने 2024 विश्व कप में 17 छक्के लगाए थे. इसके अलावा, अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज और क्रिस गेल ने क्रमशः 16 छक्के लगाए थे.
फिन एलन का यह शतक टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी है. उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2016 में 47 गेंदों पर शतक बनाया था.
एलन अब टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने 2009 विश्व कप में तिलकरत्ने दिलशान द्वारा बनाए गए 96 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा.
टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए शतक लगाने वाले एलन तीसरे बल्लेबाज बने हैं. इससे पहले ब्रैंडन मेक्कुलम और ग्लेन फिलिप्स ने भी शतक बनाए थे.
मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 169 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 12.5 ओवर में 1 विकेट पर 173 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया. एलन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.