
इस्लामाबाद, 23 मार्च: कराची के गुल प्लाजा के बेसमेंट में रविवार को फिर से आग लग गई. यह वही स्थान है जहां दो महीने पहले एक भीषण आग में 70 से अधिक लोगों की जान गई थी.
पाकिस्तानी अधिकारियों का मानना है कि आग लगने का कारण नशे के आदी लोग हो सकते हैं, जो तांबा चोरी करने की कोशिश कर रहे थे.
घटना के बाद, साउथ के कार्यवाहक डिप्टी कमिश्नर आमिर फजल ओवैसी ने कहा कि आग संभवतः नशे के आदी लोगों के कारण लगी, हालांकि जांच अभी भी जारी है.
एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, ओवैसी ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचने पर कई लोगों को पाया, जो कथित तौर पर चोरी के इरादे से इमारत के अंदर थे.
रिपोर्टों के अनुसार, बेसमेंट में एक व्यक्ति बेहोश हालत में मिला. नबी बख्श पुलिस के अनुसार, यह व्यक्ति नशे का आदी था और अपने साथियों के साथ चोरी के इरादे से गुल प्लाजा में घुसा था.
पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने मलबे में मौजूद तारों से तांबा निकालने के लिए उन्हें जलाने का प्रयास किया, जिससे आग भड़क उठी. घायल व्यक्ति आग में फंस गया, जबकि उसके साथी भागने में सफल रहे. उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है.
हाल ही में, गुल प्लाजा मॉल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तनवीर पास्ता ने बताया कि 17 जनवरी को लगी आग की जांच कर रहे न्यायिक आयोग को बताया कि बचाव सेवाएं देर से पहुंचीं और आग लगने के शुरुआती घंटों में इमारत के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में असफल रहीं.
पास्ता ने कहा, “राहत सेवाएं वास्तव में फज्र की नमाज के बाद सक्रिय हुईं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और आग बेकाबू हो गई थी.” उन्होंने आरोप लगाया कि बचाव दल के पास इमारत के अंदर जाने के लिए न तो उपकरण थे, न मास्क. आग बुझाने के लिए फोम भी उपलब्ध नहीं था. शुरुआती घंटों में बचाव का कोई प्रयास नहीं किया गया.
–