
श्रीनगर, 12 मार्च: जम्मू-कश्मीर में एक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की घटना हुई है. इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी शामिल थे.
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और फारूक अब्दुल्ला एक कार्यक्रम में पहुंचे थे, तभी यह घटना घटी. हालांकि, दोनों सुरक्षित हैं.
फायरिंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अल्लाह मेहरबान हैं, मेरे पिता बाल-बाल बच गए. उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बेहद करीब आ गया और गोली चला दी.
उमर अब्दुल्ला ने यह भी सवाल उठाया कि कोई व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा बल (एनएसजी) द्वारा सुरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंचा.
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने डॉ. फारूक अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर और नासिर असलम वानी से बात की है. वे सभी सुरक्षित और स्वस्थ हैं.
गोलीबारी के बाद फारूक अब्दुल्ला के आवास पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं. घटना के बाद वहां भारी पुलिस तैनाती की गई है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला किस पर किया जाना था और क्यों.
घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर ने बेहद करीब से फायरिंग की. सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उस पर काबू पा लिया.
पुलिस की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.