पूर्व डीजीपी ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया शर्मनाक

नई दिल्ली, 24 फरवरी: नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को मंगलवार को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. इस प्रदर्शन पर पूर्व नौकरशाहों और सैन्य अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई है.

उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने कहा, “20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में जो प्रदर्शन हुआ, वह बेहद शर्मनाक था. प्रदर्शनकारियों ने सारी हदें पार कर दीं. कुछ लोग उन्हें क्रांतिकारी बता रहे हैं, लेकिन इस तरह का प्रदर्शन करना गलत था, जब एआई समिट भारत की छवि को बेहतर बनाने के लिए आयोजित किया गया था.”

उन्होंने आगे कहा, “जब समिट में करोड़ों रुपए का निवेश हो रहा है, तो ऐसे प्रदर्शन की कोई आवश्यकता नहीं थी. पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.”

पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन ने कहा, “कानूनी नियमों की कोई कमी नहीं है. यह एक योजनाबद्ध काम था. सुरक्षा बलों को मौके पर ही सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना चाहिए था. केवल चार लोगों को गिरफ्तार करना समझ से परे है.”

जैन ने कहा, “बड़े ग्लोबल इवेंट्स में रुकावट डालना, जहां कई देशों के राष्ट्रपति और बड़ी कंपनियों के सीईओ मौजूद थे, बिल्कुल मंजूर नहीं है.”

जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने कहा, “यह घटना देश की छवि को खराब करती है. एआई समिट से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसी हरकत करना गलत है.”

उन्होंने कहा, “यूथ कांग्रेस ने जो किया, वह देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है. हमें ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे गलत धारणा बने.”

इसके अलावा, एसपी वैद ने हाल की सुरक्षा सफलताओं की सराहना की और कहा कि बांग्लादेश में युवाओं के विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं.

बता दें कि पटियाला कोर्ट ने मंगलवार को उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है, जिस पर कांग्रेस ने सत्ताधारी एनडीए सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है.

Leave a Comment