
नई दिल्ली, 27 फरवरी: भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे केवल भारत में निर्मित वस्तुओं को खरीदें और बेचें. इस संदेश को पूरे देश में फैलाने के लिए ऑल इंडिया ऑफ कन्फेडरेशन ने एक राष्ट्रीय अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है.
उन्होंने शुक्रवार को एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि हम एक मई से चार मई तक भारतीय व्यापार उत्सव का आयोजन करने जा रहे हैं. यह उत्सव दिल्ली के भारत मंडपम में होगा, जहां भारत में बनी वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह दिखाना है कि हम किस प्रकार वस्तुओं का उत्पादन कर रहे हैं, ताकि देश के विकास को नई गति मिल सके. यह एक प्रकार का इंडियन बिजनेस एक्सपो होगा, जिसमें चार दिनों में 10 लाख लोग शामिल होंगे.
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय उत्पादों को नई ऊर्जा मिल रही है. यदि वर्तमान में इसे नई ऊर्जा मिल रही है, तो इसका श्रेय निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है.
उन्होंने आगे कहा कि आज 26 राज्यों के व्यापारी नेता, जिनमें महिला व्यापारी नेता भी शामिल हैं, दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में एकत्रित होंगे. इस बैठक में इस अभियान को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इस पर चर्चा की जाएगी.
इसके अतिरिक्त, उन्होंने औरंगजेब को देश का हीरो मानने से इनकार किया. उनका कहना था कि अगर कोई इस देश का नायक हो सकता है, तो वह छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप हैं. औरंगजेब को एक लुटेरा बताते हुए उन्होंने कहा कि वह कभी भी हमारे देश का नायक नहीं हो सकता.
साथ ही, उन्होंने तमिलनाडु की स्टालिन सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि स्टालिन की सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रही है, और लोग इस सरकार को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं हैं.