ओवैसी के बयान पर गिरिराज सिंह का तीखा पलटवार

पटना, 1 मार्च: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओवैसी के दिल में जिन्ना का जिन्न घुस गया है. ओवैसी ने पीएम मोदी की इजरायल यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारत की विदेश नीति संतुलित और स्वतंत्र होनी चाहिए. उन्होंने शांति, संवाद और अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान पर जोर दिया.

गिरिराज सिंह ने ओवैसी को राष्ट्रीय नेता मानने से इनकार करते हुए कहा कि वे अब दुनिया के मुस्लिम नेताओं में शामिल हो गए हैं और भारत को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अब भारत दोबारा नहीं टूटेगा.

घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बंगाल मुस्लिम घुसपैठियों के लिए सबसे बड़ी नर्सरी बन गई है. उन्होंने कहा कि इन घुसपैठियों की पहचान करना आवश्यक है, क्योंकि ये भारत की सुरक्षा के लिए खतरा हैं.

बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार को बदलने की आवश्यकता पर जोर देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि लाखों नहीं, करोड़ों घुसपैठिए मुस्लिम हैं, जिन्हें ममता बनर्जी सरकारी कागज देकर भारत का नागरिक बनाना चाहती हैं.

प्रधानमंत्री मोदी के कांग्रेस पर दिए बयान का समर्थन करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि यदि पीएम ने कांग्रेस को मुस्लिम लीग या माओवादी पार्टी कहा है, तो यह सही है. उन्होंने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे अर्बन नक्सल हैं और कांग्रेस का सत्यानाश करते रहेंगे.

सीएम नीतीश कुमार के जन्मदिन पर गिरिराज सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो काम किया है, वह इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा.

Leave a Comment