
गांधीनगर, 1 मार्च: गुजरात के गांधीनगर में आयोजित ‘गुजरात सेमीकनेक्ट सम्मेलन 2026’ में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि शनिवार भारत के इतिहास में इंडस्ट्री और टेक्नोलॉजी के लिए एक महत्वपूर्ण दिन था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया, जो वर्षों पहले का किया गया वादा था.
उन्होंने बताया कि जल्द ही दूसरा प्लांट कमर्शियल प्रोडक्शन में जाएगा और इस साल दो अन्य प्लांट भी शुरू होंगे. कुल 10 प्लांट को मंजूरी दी गई है, जिनमें से चार का प्रोडक्शन या उद्घाटन इस साल होगा.
अश्विनी वैष्णव ने गुजरात के योगदान की सराहना की और कहा कि सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के इकोसिस्टम में गुजरात का बड़ा हाथ है. उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को धन्यवाद देते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की.
रेलवे के विकास पर भी उन्होंने जानकारी दी. इस साल रेलवे को गुजरात में 17,366 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है, जबकि 2009-14 में केवल 589 करोड़ रुपए का बजट मिलता था.
गुजरात में कुल 1,28,748 करोड़ रुपए के रेलवे निवेश हो रहे हैं. इस बजट के तहत 87 रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण हो रहा है और 21 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है. अहमदाबाद, साबरमती, सूरत, उधना और सोमनाथ समेत कई स्टेशनों पर काम तेजी से चल रहा है.
उन्होंने बताया कि बुलेट ट्रेन का काम भी अच्छी प्रगति पर है. अगले साल मुंबई-अहमदाबाद रूट पर बुलेट ट्रेन शुरू होगी, जो 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. मुंबई से अहमदाबाद की यात्रा केवल 1 घंटे 57 मिनट में पूरी होगी. जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारी हाल ही में आए और बुलेट ट्रेन की प्रगति देखकर संतुष्ट हुए. इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने 7 नए बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी है.