
नई दिल्ली, 28 फरवरी: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर के लिए टी20 विश्व कप 2026 बेहद निराशाजनक साबित हो रहा है. बटलर ने नेपाल और वेस्टइंडीज के खिलाफ 26 और 21 रन की पारियों से शुरुआत की, लेकिन उसके बाद उनका बल्ला खामोश हो गया. अब तक उन्होंने 7 पारियों में केवल 62 रन बनाए हैं.
बटलर लगातार पांच बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं. पिछले पांच मुकाबलों में—स्कॉटलैंड, इटली, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ—उन्होंने 3, 3, 7, 2 और 0 के स्कोर बनाए हैं. ये आंकड़े उनकी मौजूदा फॉर्म की कहानी बयां करते हैं. आईसीसी इवेंट्स में बटलर लंबे समय से फ्लॉप रहे हैं. उनकी आखिरी बड़ी पारी 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ नाबाद 83 रन की थी.
बटलर की खराब फॉर्म इंग्लैंड के लिए सेमीफाइनल से पहले चिंता का विषय है, लेकिन टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने इससे इनकार किया है.
हैरी ब्रूक ने कहा, “बटलर जैसे खिलाड़ी पर सवाल उठाने से पहले उनके पिछले योगदान को याद रखना चाहिए. वह अब तक के सबसे बेहतरीन व्हाइट-बॉल खिलाड़ी हैं. हर खिलाड़ी के करियर में खराब दौर आता है. वह जल्द ही लय में लौटेंगे.”
खराब फॉर्म के बावजूद, ब्रूक ने बटलर के सेमीफाइनल में खेलने के संकेत दिए. इंग्लैंड अनुभवी बटलर से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहा है.
बटलर का टी20 रिकॉर्ड शानदार रहा है. 154 टी20 मुकाबलों में 33.71 की औसत और 147.77 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 4,012 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 28 अर्धशतक भी लगाए हैं. वह इस फॉर्मेट के सफलतम बल्लेबाजों में से एक हैं. यही वजह है कि इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट बटलर पर भरोसा बनाए हुए है. बटलर अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को टी20 विश्व कप 2022 का खिताब दिला चुके हैं.