राजस्थान में गैस और ईंधन की कमी नहीं होने देंगे: हीरालाल नागर

जयपुर, 25 मार्च: राजस्थान सरकार के मंत्री हीरालाल नागर ने मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे गैस संकट के सवालों का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं होगी.

जयपुर में बातचीत के दौरान, मंत्री नागर ने बताया कि हमारे पास 15 दिन का पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का भंडार है. विपक्ष के पैनिक पैदा करने के कारण लोग चिंतित हो गए थे. गैस की 9 लाख वेटिंग थी, जो अब 3 लाख तक आ चुकी है. लोग जागरूक हैं और अच्छी बात यह है कि एलपीजी दो से तीन दिन में उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से स्थिति में सुधार हो रहा है, जिससे विपक्ष चिंतित है. उनका काम केवल गुमराह करना और अराजकता फैलाना है. ऐसे समय में सभी को मिलकर देशहित में काम करना चाहिए.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सर्वदलीय बैठक में न जाने पर मंत्री नागर ने कहा कि उन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है. प्रधानमंत्री सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं, जिसमें विपक्ष को भी शामिल किया जाता है. विपक्ष को चाहिए कि वे संकट के समय सरकार के समक्ष अपनी बातें रखें. दुर्भाग्य से, उनका काम केवल अराजकता फैलाना है.

मंत्री नागर ने यह भी कहा कि बिजली कट की समस्या प्रदेश में नहीं होने देंगे. वितरण कंपनियों पर पूरी नजर है. हमारे पास पर्याप्त बिजली उपलब्ध है. वर्तमान में बिजली की मांग कम है, इसलिए 9 प्लांट बंद हैं. लेकिन विपक्ष इस पर भी जनता को गुमराह कर रहा है. हमारी सरकार ने पिछले साल भी जनता को पर्याप्त बिजली दी थी और इस साल भी हमारी कोशिश रहेगी कि किसी को बिजली की समस्या न हो.

वहीं, राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तंज करते हुए कहा कि मंत्री और प्रभावशाली लोगों के घरों में एलपीजी की कमी नहीं है, लेकिन आम जनता गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रही है. 27 मार्च को हम जयपुर में शहीद स्मारक पर बड़ा जन आंदोलन करेंगे ताकि सरकार की नींद टूटे और जनता को राहत मिले. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है.

Leave a Comment