मां बगलामुखी और नैना देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़

आगर-मालवा, 19 मार्च: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ देशभर के देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. भक्त ब्रह्म मुहूर्त से ही माता रानी के दिव्य दर्शन के लिए लाइनों में लगे हुए हैं.

मध्य प्रदेश के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी के दरबार में भक्तों को घंटों इंतजार करते हुए देखा गया. भक्त मां के दर्शन पाकर बेहद खुश हैं. आगर मालवा के मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह हर साल नवरात्रि में यहां आती हैं और इस बार पहले नवरात्र के पहले दिन दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि यहां का हवन जीवन की नकारात्मकता को दूर करता है और अधिकांश भक्त नवरात्रि में विशेष हवन कराने के लिए आते हैं. वह पिछले 15 वर्षों से मंदिर में दर्शन के लिए आ रही हैं.

एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि वह 20 वर्षों से हर साल नवरात्रि पर मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आते हैं और हवन जरूर कराते हैं. यहां का हवन न केवल मन को सुकून देता है, बल्कि जीवन की परेशानियों का भी नाश करता है.

वहीं, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. भक्त मुराद पूरी करने के लिए मां के दरबार में लाल चुनरी और नारियल लेकर पहुंच रहे हैं. इस अवसर पर मां की ज्योति को आरती के बाद मंदिर में घुमाया गया. मंदिर प्रशासन और जिला मजिस्ट्रेट ने श्रद्धालुओं के सुलभ दर्शन के लिए व्यवस्थाएं की हैं.

जिला मजिस्ट्रेट राहुल कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “आज हमने सभी अधिकारियों और गैर-सरकारी सदस्यों के साथ बैठक की. कानून व्यवस्था और यातायात से संबंधित प्रमुख मुद्दों का समाधान कर लिया गया है. अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं, कमान एवं नियंत्रण केंद्र पूरी तरह से कार्यरत है और श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल की सुविधा भी रखी गई है. हर तरह की परेशानी से निपटने के सारे इंतजाम कर दिए गए हैं.”

Leave a Comment