होली में सफेद कपड़े पहनने का महत्व और मान्यता

नई दिल्ली, 3 मार्च: देशभर में होली का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस अवसर पर लोग सफेद रंग के कपड़े पहनना पसंद करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसके पीछे क्या कारण है?

सफेद रंग को हमेशा से शुद्धता, शांति और सादगी का प्रतीक माना गया है. मान्यता है कि होली से पहले होलिका दहन के दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाया जाता है. इसके अगले दिन से हिंदू कैलेंडर का नया महीना शुरू होता है, जिसे कई लोग नए वर्ष की शुरुआत के रूप में मानते हैं. इस संदर्भ में सफेद रंग नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.

होली का त्योहार मौसम में बदलाव का भी प्रतीक है. सर्दी का मौसम समाप्त हो रहा होता है और गर्मी की शुरुआत हो रही होती है. सफेद कपड़े पहनने से लोग गर्मी और पसीने से बच सकते हैं. इसके अलावा, सफेद रंग मन को शांत रखता है और होली के उत्सव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है.

रंगों के इस त्योहार में सफेद कपड़ों पर जब विभिन्न रंग गिरते हैं, तो यह और भी खूबसूरत लगता है. यही कारण है कि लोग होली खेलने के लिए सफेद कपड़ों का चयन करते हैं. जब सफेद कपड़ों पर रंग लगते हैं, तो सभी एक समान नजर आते हैं, जो समानता और एकता का प्रतीक बन जाता है.


डीके/डीकेपी

Leave a Comment