
मुंबई, फरवरी 18: नेपाल ने मंगलवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ 7 विकेट से मुकाबला जीतकर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी जीत का सूखा समाप्त किया. यह टीम 2014 के बाद से टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत हासिल की है. कप्तान रोहित पौडेल ने इस जीत को विशेष बताया है.
वानखेड़े स्टेडियम में स्कॉटलैंड ने 7 विकेट खोकर 170 रन बनाए. इसके जवाब में नेपाल ने 19.2 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते जीत दर्ज की.
ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान रोहित पौडेल ने कहा, “यह जीत मेरे लिए बहुत मायने रखती है, खासकर यह बतौर कप्तान मेरा दूसरा वर्ल्ड कप है और अंतिम लीग स्टेज में मेरा पहला गेम जीतना बेहद खास है. इसलिए मुझे लगता है कि यह मुकाबला हमारे लिए बहुत जरूरी था. यह सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि हमारी टीम के लिए भी महत्वपूर्ण था. दीपेंद्र ने जिस तरह से खेला, वह शानदार था.”
कप्तान ने दर्शकों का भी धन्यवाद किया और कहा, “यह जीत उनके लिए भी महत्वपूर्ण थी. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ हमारा खेल देखा था. फैंस पहले से ही यहां थे और उन्होंने टिकट बुक करना शुरू कर दिया. जिस तरह से हम खेलना चाहते थे, हमने अपना प्लान पूरा नहीं किया, लेकिन फिर भी वे यहां रहे और हमें समर्थन दिया. इसलिए यह गेम, यह जीत उनके लिए भी बहुत जरूरी थी.”
नेपाल को इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में महज 4 रन से हार का सामना करना पड़ा था. इस पर नेपाली कप्तान ने कहा, “उस मैच से हमें बहुत मदद मिली. दबाव की स्थिति में संयम बनाए रखना कितना जरूरी है, यह हमने सीखा. आखिरी ओवरों में गेंदबाज और बल्लेबाज, दोनों पर दबाव होता है. अगर आप शांत रहते हैं और गेंदबाज से थोड़ी चूक होती है, तो उस पर भी दबाव बढ़ता है. हमने उस मैच से बहुत कुछ सीखा.”
कप्तान ने आगे कहा, “हम स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ जिस तरह खेलना चाहते थे, वैसा खेल पाए, लेकिन इटली और वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे. व्यक्तिगत रूप से, हम काफी हद तक संतुष्ट हैं, हालांकि हमारा लक्ष्य सुपर-8 के लिए क्वालिफाई करना था.”