जशपुर में पत्नी ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश की

जशपुर, 17 मार्च: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पत्नी ने अपने पति की हत्या की साजिश रची और रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की. इस घटना में पति गंभीर रूप से घायल हो गया और दो दिन बाद उसकी मौत हो गई.

यह घटना जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर केराडीह की है. मृतक सुनील राम की पत्नी मीरा बाई ने अपने परिजनों को बुलाकर पति के साथ मारपीट की. घटना के दो दिन बाद गंभीर चोटों के कारण सुनील राम की मौत हो गई. खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.

परिजनों ने घटना की शिकायत नारायणपुर थाना में की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 190 के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी मीरा बाई सहित सभी आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में सभी ने मिलकर मारपीट करने की बात कबूल कर ली. इसके बाद, पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

मामले को लेकर एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी कुनकुरी ने बताया, “4 मार्च को मृतक की मां पार्वती बाई ने मामला दर्ज कराया कि उसके बेटे राम के साथ उसकी पत्नी मीरा बाई एवं रिश्तेदारों ने 1 मार्च को जमकर मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत 3 मार्च को हो गई. थाना नारायणपुर ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि उसकी मृत्यु गंभीर चोटों के कारण हुई है. मामले की जांच के दौरान मृतक की पत्नी मीरा बाई, उसकी बहन मुनिया, मीना बाई, पुप्पा और उसके पति शंकर को हिरासत में लिया गया है.”

Leave a Comment