प्रीतिका बर्मन के दो गोल से भारत ने म्यांमार को हराया

यांगून, मार्च 13: भारतीय अंडर-17 महिला टीम ने गुरुवार को थुवुन्ना स्टेडियम में खेले गए फ्रेंडली मैच में म्यांमार को 2-0 से हराया. इस मैच में दोनों गोल प्रीतिका बर्मन ने किए. दोनों देशों के बीच दूसरा फ्रेंडली मैच 14 मार्च को होगा.

यह मैच भारत की एफसी अंडर-17 महिला एशियन कप की तैयारियों का हिस्सा है, जो 1 से 17 मई तक चीन के सूजौ में आयोजित होगा. म्यांमार, जो पहले ही इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुका है, इन मुकाबलों के जरिए अपनी तैयारियों को मजबूत कर रहा है.

भारत ने संतुलित खेल दिखाते हुए दोनों हाफ में एक-एक गोल दागा. गोलकीपर मुन्नी ने महत्वपूर्ण बचाव किए, जबकि अभिस्ता बसनेट और एलिजाबेथ लाकड़ा के नेतृत्व में डिफेंस पूरी तरह संगठित रहा.

यंग टाइग्रेसेस ने मैच की शुरुआत शानदार तरीके से की. उन्होंने नियंत्रित पजेशन के साथ सोचे-समझे आक्रमण किए. हालांकि, म्यांमार ने पहले हाफ में आक्रामक खेल दिखाते हुए भारत की लय को बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन भारत धीरे-धीरे मैच पर नियंत्रण बनाने में सफल रहा.

31वें मिनट में भारतीय कप्तान जुलान नोंगमाईथेम ने अलीशा लिंगदोह को लेफ्ट फ्लैंक से पास दिया. लेफ्ट-बैक ने बॉक्स में एक क्रॉस दिया, लेकिन पर्ल फर्नांडिस हेडर को लक्ष्य पर नहीं रख सकीं.

38वें मिनट में भारत ने खाता खोला. रेडिमा देवी चिंगखामायम ने प्रीतिका बर्मन को एक सटीक थ्रू बॉल दी. प्रीतिका ने धैर्य दिखाते हुए म्यांमार के गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को खाली नेट में डालकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी.

हालांकि म्यांमार ने पहले हाफ में कुछ हिम्मत दिखाई, लेकिन दूसरे हाफ में भारत ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया. पामेला कोंटी की टीम ने रफ्तार बढ़ाई और बॉल पर कब्जा करना शुरू कर दिया.

मैच के दोबारा शुरू होने के चार मिनट बाद भारत ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी. अल्वा देवी सेनजाम ने लेफ्ट विंग से दौड़ लगाई और पेनाल्टी एरिया में एक शानदार क्रॉस भेजा. प्रीतिका बर्मन ने इस गेंद को नेट में डाल दिया.

इस गोल ने मैच को भारत के पक्ष में कर दिया. भारत ने खेल पर कब्जा बनाए रखा और 60वें मिनट में अभिस्ता ने 30 गज से फ्री-किक मारी, जो क्रॉसबार से टकरा गई. इसके बावजूद, भारत ने मैच में पकड़ बनाए रखी और म्यांमार को दूर रखा.

आरएसजी

Leave a Comment