भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में बनाया अनूठा रिकॉर्ड

कोलंबो, फरवरी 16: भारत ने पाकिस्तान को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में 61 रन से हराया. इस जीत के साथ, टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में 8 मुकाबले जीतने का अनूठा रिकॉर्ड बनाया है. यह किसी एक टीम के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड है.

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 9 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 8 जीते हैं. इनमें से एक मैच भारत ने सुपर ओवर में जीता था. वहीं, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 2021 में एकमात्र टी20 वर्ल्ड कप मैच जीता है.

टी20 वर्ल्ड कप में किसी विरोधी टीम के खिलाफ सर्वाधिक जीत के मामले में ऑस्ट्रेलिया (बनाम बांग्लादेश), पाकिस्तान (बनाम बांग्लादेश), श्रीलंका (बनाम वेस्टइंडीज) और वेस्टइंडीज (बनाम इंग्लैंड) संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं.

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए. ईशान किशन ने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन की शानदार पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 25 रन बनाए. जवाब में, पाकिस्तान की टीम 18 ओवरों में केवल 114 रन पर सिमट गई. उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने नाबाद 23 रन का योगदान दिया.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीसरी जीत के साथ भारतीय टीम ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. टीम इंडिया ने अपना पहला मैच यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीता था और इसके बाद नामीबिया को 93 रन से हराया. अब भारतीय टीम 18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगी.

इस हार के साथ, पाकिस्तान ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर खिसक गया है. नीदरलैंड और यूएसए को हराने के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबला गंवाया. अब पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए नामीबिया के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी. यह मैच 18 फरवरी को खेला जाएगा.

Leave a Comment