भारत की जिम्बाब्वे पर 72 रन से जीत, सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका

चेन्नई, 26 फरवरी: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 72 रन से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखी हैं, जबकि साउथ अफ्रीका को नॉकआउट में पहुंचा दिया है.

साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के दोनों मुकाबले जीतकर +2.890 नेट रन रेट के साथ ग्रुप-1 में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है. वहीं, वेस्टइंडीज ने 2 में से 1 मैच गंवाकर +1.791 के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत ने 2 में से 1 मैच जीतकर -0.100 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में अपने शुरुआती दो मैच हारने के बाद खिताबी दौड़ से बाहर हो गई है.

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी. दोनों ने 3.4 ओवरों में 48 रन जोड़े. संजू ने 15 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की.

ईशान ने 24 गेंदों में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 4 छक्कों और 4 चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 33 रन का योगदान दिया.

भारत ने 14.5 ओवरों में 172 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद हार्दिक पंड्या ने तिलक वर्मा के साथ 31 गेंदों में 84 रन की अटूट साझेदारी की, जिससे टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया. पंड्या ने 23 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 50 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 44 रन बनाए.

जिम्बाब्वे की टीम 6 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी. ब्रायन बेनेट ने तदिवानाशे मारुमानी के साथ पहले विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की. बेनेट ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. उन्होंने 59 गेंदों में 6 छक्कों और 8 चौकों के साथ नाबाद 97 रन बनाए. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 24 रन देकर 3 विकेट लिए. वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किया.

Leave a Comment