ईरान ने इजरायल सीमा की ओर फिर दागी मिसाइलें, आईडीएफ ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

नई दिल्ली, 12 मार्च: इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने गुरुवार को चेतावनी जारी की है कि ईरान ने इजरायल की सीमा की ओर मिसाइलें दागी हैं. होम फ्रंट कमांड ने प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को मोबाइल अलर्ट के माध्यम से सुरक्षा निर्देश भेजे हैं और उनसे अनुरोध किया है कि वे इन निर्देशों का पालन करें.

आईडीएफ ने शाम को यह दावा किया कि उनकी रक्षा प्रणाली इन मिसाइलों को रोकने का प्रयास कर रही है. आईडीएफ ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

आईडीएफ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “रक्षा प्रणाली इन खतरों को रोकने के लिए सक्रिय है. पिछले कुछ मिनटों में फ्रंट कमांड ने संबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन पर प्रारंभिक निर्देश जारी किए हैं. लोगों से अनुरोध है कि वे जिम्मेदारी से काम करें और दिए गए निर्देशों का पालन करें. अलर्ट मिलने पर सुरक्षित स्थान में प्रवेश करना आवश्यक है और नए निर्देश मिलने तक वहीं रहें.”

इजराइली एयर फोर्स ने कहा, “हम ईरानी शासन की आग लगाने वाली प्रणाली को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं. 250 से अधिक ड्रोन, लॉन्चर और दर्जनों लॉन्च साइटों पर हमले किए गए हैं. इसके अलावा, कई कमांडरों और सैनिकों को भी समाप्त किया गया है जो इजरायल की ओर मिसाइल/ड्रोन लॉन्च करने के लिए जिम्मेदार थे.”

पिछले कुछ दिनों से इजरायली सेना लगातार ईरान पर सैन्य कार्रवाई कर रही है. ईरान की ओर से मिसाइल हमला इन हमलों का पलटवार हो सकता है. आज ही इजराइली एयर फोर्स ने दावा किया कि उसने मंगलवार को किए गए एक हमले में हिज्बुल्लाह की मिसाइल यूनिट से जुड़े कमांडर अबू द’रार मोहम्मद को मार गिराया. इसके अलावा, इजरायली वायुसेना ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े एक महत्वपूर्ण ठिकाने पर भी हमला किया है.

इजरायली एयर फोर्स (आईएएफ) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट साझा करते हुए बताया, “इस सप्ताह की शुरुआत में (मंगलवार को) वायुसेना ने एक हमले में अबू द’रार मोहम्मद को मार गिराया. वह बेरूत में हिज्बुल्लाह की मिसाइल इकाई में कार्यरत था और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से काम कर रहा था.”

आईएएफ के अनुसार, मोहम्मद हिज्बुल्लाह की रॉकेट क्षमता को मजबूत करने में एक प्रमुख व्यक्ति था और ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज के बाद उसे फिर से मजबूत करने पर काम कर रहा था.

एवाई/डीकेपी

Leave a Comment