जैकब बेथेल ने फिन एलन को पछाड़ा, इंग्लैंड के चौथे बल्लेबाज बने शतक लगाने में

मुंबई, 6 मार्च: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने अपनी शानदार शतकीय पारी से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया.

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए 22 वर्षीय जैकब बेथेल ने लगातार गिरते विकेटों के बीच टी20 करियर का पहला शतक लगाया. उन्होंने महज 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है. बेथेल ने क्रिस गेल के 47 गेंदों पर बनाए गए शतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. फिन एलन के पास टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड है, जिन्होंने इसी विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों पर शतक बनाया था.

जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 105 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप नॉकआउट मैचों की सबसे बड़ी पारी है. उन्होंने फिन एलन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों पर 100 रन की पारी खेली थी.

बेथेल टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने. उनसे पहले एलेक्स हेल्स (2014 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 116 रन), जोस बटलर (2021 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 101 रन), और हैरी ब्रूक ने इसी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 100 रन की पारी खेली थी.

मैच की बात करें तो 253 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने अकेले दम पर लड़ाई लड़ी. यदि उन्हें किसी अन्य बल्लेबाज का सहयोग मिलता, तो परिणाम इंग्लैंड के पक्ष में हो सकता था. इंग्लैंड 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी. भारत के लिए 89 रन की पारी खेलने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया.

Leave a Comment