
मुंबई, मार्च 11: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार के कारोबारी सत्र में जोरदार तेजी देखी जा रही है. सुबह 11:45 बजे सेंसेक्स 668 अंक या 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,224 पर और निफ्टी 198 अंक या 0.85 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 24,225 पर था.
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी का माहौल है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 721 अंक या 1.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 56,892 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 274 अंक या 1.70 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 16,406 पर पहुंच गया है.
भारतीय शेयर बाजार में तेजी का मुख्य कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट मानी जा रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद, ब्रेंट क्रूड 6 प्रतिशत की कमी के साथ 92 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया है, जो सोमवार को 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था.
ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त होने के करीब है, जिससे कच्चे तेल में नरमी आई है.
बाजार में तेजी का एक और कारण डॉलर के मुकाबले रुपए का मजबूत होना है. मंगलवार को बाजार खुलने के साथ ही अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मजबूत बना हुआ है. अब तक के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया का उच्चतम स्तर 91.72 और न्यूनतम स्तर 92.33 रहा है.
बाजार में उतार-चढ़ाव दर्शाने वाले इंडेक्स इंडिया विक्स में भी गिरावट को स्टॉक मार्केट में तेजी का कारण माना जा रहा है. खबर लिखे जाने तक इंडिया विक्स 15.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19.77 पर था.
वैश्विक बाजारों में तेजी ने भी भारतीय बाजारों में निवेशकों के सेंटीमेंट को बढ़ावा दिया है. सोल, हांगकांग, शंघाई, टोक्यो, बैकॉक और जकार्ता जैसे सभी एशियाई बाजार हरे निशान में खुले थे. वहीं, अमेरिकी बाजार भी सोमवार को हरे निशान में बंद हुए थे.