
बर्मिंघम, 6 मार्च: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने गुरुवार को ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है. उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस को हराया. इससे पहले, लक्ष्य ने पहले राउंड में डिफेंडिंग चैंपियन शि यू को हराकर बड़ा उलटफेर किया था.
24 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे 21 मिनट तक चले मुकाबले में लोंग एंगस को 21-19, 21-23, 21-10 से हराया. यह सेन की एंगस के खिलाफ पहली जीत है. इससे पहले, उन्हें हांगकांग के खिलाड़ी के खिलाफ तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें 2023 मलेशिया मास्टर्स में मिली हार भी शामिल है.
2022 ऑल इंग्लैंड फाइनलिस्ट सेन ने अपने हांगकांग के विरोधी के खिलाफ आक्रामक शुरुआत की और पहले गेम में बढ़त बनाए रखी. हालांकि, लोंग ने लगातार तीन प्वाइंट जीतकर स्कोर को 19-19 की बराबरी पर ला दिया, लेकिन सेन ने अगले दो प्वाइंट लेकर गेम अपने नाम कर लिया.
एक समय ऐसा लग रहा था कि सेन दूसरे गेम को भी आसानी से जीत जाएंगे. वह 11-4 से आगे चल रहे थे, लेकिन लोंग एंगस ने धीरे-धीरे वापसी की. हांगकांग के अनुभवी खिलाड़ी ने 17-20 से लगातार तीन मैच प्वाइंट बचाए और फिर 20-21 के स्कोर पर एक प्वाइंट और बचाया, जिससे मैच निर्णायक गेम में चला गया.
सेन ने कहा, “दोनों गेम में यह बहुत सॉलिड गेम था. इसका क्रेडिट लोंग एंगस को जाता है, जिन्होंने दूसरे गेम में शानदार वापसी की. मैं तीसरे गेम में फिर से पूरी ताकत लगाने के लिए तैयार था और जिस तरह से मैंने खेला उससे खुश हूं.”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि टैक्टिकली मेरा खेल दोनों गेम में सही था, लेकिन अंतिम कुछ प्वाइंट्स में मैं प्लान पर नहीं टिक सका. काफी गलतियां कीं, लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि आप पहले और दूसरे गेम को भूलकर तीसरे गेम पर ध्यान दें.”
सिंगल्स में बचे अकेले भारतीय सेन का सामना अब चीन के छठे सीड ली शि फेंग और आयरलैंड के न्हाट गुयेन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.