
नई दिल्ली, 27 फरवरी: दिल्ली शराब नीति से जुड़े सीबीआई मामले में शुक्रवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया. अदालत के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आखिर में अधर्म और अन्याय हारता है और सच ही जीतता है. सत्यमेव जयते.”
अरविंद केजरीवाल की रिहाई के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “दुनिया में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाए, लेकिन ईश्वर की शक्ति के ऊपर नहीं हो सकता. अरविंद ने अपना जीवन पूरी ईमानदारी से जिया है. उनका एक ही लक्ष्य है कि भारत तरक्की करे. लेकिन इन लोगों ने सत्ता के लालच में हमारे ऊपर झूठे आरोप लगाए. मुझे विश्वास था कि ईश्वर हमारा साथ देंगे और सच की जीत होगी.”
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने पोस्ट में लिखा, “चाहे कितने भी झूठे आरोप लगाए, लेकिन आखिरकार सच की जीत हुई. भाजपा का षड्यंत्र और अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी आज पूरे देश के सामने है.”
अदालत से बरी होने के बाद घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने फूल बरसाकर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का स्वागत किया. केजरीवाल ने पत्नी सुनीता और बच्चों को गले लगाया.
इससे पहले, अरविंद केजरीवाल मीडिया से बातचीत करते हुए भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, “आज सत्य की जीत हुई है. भाजपा के बनाए शराब घोटाले की कोर्ट ने सच्चाई बता दी. आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए भाजपा ने आजाद भारत का सबसे बड़ा षड्यंत्र रचा. लेकिन आज कोर्ट ने कह दिया कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और ‘आप’ भ्रष्ट नहीं हैं. मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है. मैं कहना चाहता हूं कि सत्ता के लिए इस तरह से देश और संविधान से खिलवाड़ मत कीजिए, सत्ता के लिए आप अच्छे काम कीजिए.”