मैनचेस्टर सिटी ने ईएफएल कप में आर्सेनल को हराकर खिताब जीता

लंदन, 23 मार्च: मैनचेस्टर सिटी ने ईएफएल कप फाइनल में आर्सेनल को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया. इस मैच में निको ओ’रेली ने दूसरे हाफ में चार मिनट के भीतर दो गोल करके टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

मैनचेस्टर सिटी ने यह अपनी 9वीं लीग ट्रॉफी जीती है. अब सिटी से ज्यादा खिताब केवल लिवरपूल के पास हैं. पेप गार्डियोला ने मैनचेस्टर सिटी के मैनेजर के रूप में इस प्रसिद्ध ट्रॉफी को पांच बार जीता है, जो इंग्लिश फुटबॉल में एक रिकॉर्ड है. वह इस प्रतियोगिता में सबसे सफल मैनेजर बन गए हैं, जो ब्रायन क्लॉ, सर एलेक्स फर्ग्यूसन और जोस मोरिन्हो से आगे निकल गए हैं, जिन्होंने चार-चार बार यह खिताब जीता है.

काराबाओ कप सिटी के लिए पेप की पहली ट्रॉफी थी, जिसमें उन्होंने 2018 में आर्सेनल को 3-0 से हराया था. अब उन्होंने उस विरासत में एक और नाम जोड़ लिया है और 1960 में प्रतियोगिता की शुरुआत के बाद से सबसे सफल मैनेजर बन गए हैं. हाफ टाइम के बाद, सिटी ने आर्सेनल के मुकाबले बेहतर खेल दिखाया. मैनचेस्टर सिटी ने आर्सेनल को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. आर्सेनल की टीम खिताबी मुकाबले में संघर्ष करती नजर आई, जिसका पूरा फायदा सिटी ने उठाया.

पूरे सीजन में मैनचेस्टर सिटी की शानदार कप्तानी करने वाले बर्नार्डो सिल्वा ने टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने इस सफलता को सभी के लिए खास पल बताया. उन्होंने कहा, “यह सिटी में सभी के लिए गर्व का पल है. हमें यह प्रतियोगिता पसंद है और इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्सेनल को हराकर इसे जीतना वाकई खास है.”

मैनचेस्टर सिटी अब एक अंतरराष्ट्रीय ब्रेक पर जाएगी. टीम का अगला मुकाबला 4 अप्रैल को एफए कप के क्वार्टर फाइनल में लिवरपूल के खिलाफ होगा. गार्डियोला की टीम अगले हफ्ते चेल्सी में होने वाले प्रीमियर लीग पर ध्यान केंद्रित करेगी. मैनचेस्टर सिटी प्रीमियर लीग टाइटल की दौड़ में बनी हुई है. गार्डियोला की टीम अभी टॉप पर काबिज आर्सेनल से 9 प्वाइंट पीछे है और उन्हें अभी एक मुकाबला खेलना है.

Leave a Comment