ईरान के नेता खामेनेई की मौत पर मौलाना कल्बे जवाद की प्रतिक्रिया

लखनऊ, 2 मार्च: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि जब इराक पर हमला हुआ था, तब भी यही झूठा बहाना बनाया गया था कि वहां सामूहिक विनाश के हथियार हैं. इराक तबाह हुआ, लेकिन कुछ भी नहीं मिला.

उन्होंने कहा कि यह सब झूठ और महज एक बहाना था. ईरान पर भी यही आरोप लगाया जा रहा है कि वह परमाणु बम बना रहा है. दुनिया को उसी तरह चेतावनी दी जा रही है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है. पहले भी पूरी निश्चितता थी, फिर भी कुछ नहीं मिला.

मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि अमेरिका की योजना है कि पूरी दुनिया को अपना गुलाम बना लिया जाए. अमेरिका इसी एजेंडे पर काम कर रहा है. केवल ईरान और खामेनेई ही अमेरिका के खिलाफ थे. अमेरिका को यह मंजूर नहीं था कि कोई भी उनकी खिलाफत करे. उन्होंने कहा कि आज पूरा अरब गुलाम है. ट्रंप जो कह रहे हैं, वही किया जा रहा है.

इजरायल को लेकर मौलाना ने कहा कि इजरायल एक आतंकवादी देश है और उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहिए.

अमेरिका-इजरायल हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत पर अखिल भारतीय मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सचिव उमरैन महफूज रहमानी ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल की आक्रामकता और इजरायल द्वारा गाजा और फिलिस्तीन पर लगातार हमलों ने विश्व शांति के लिए गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है.

बता दें कि अमेरिका-इजरायल के हमले में खामेनेई की मौत हो गई. उनकी मौत के बाद ईरानी सरकार ने 40 दिन के शोक का ऐलान किया. ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, खामेनेई के चार रिश्तेदार, जिनमें उनकी बेटी, पोता और दामाद शामिल हैं, वे भी इन हमलों में मारे गए.

Leave a Comment