कांशीराम जयंती पर मायावती ने दी श्रद्धांजलि, बसपा आंदोलन से जुड़ने का आह्वान

लखनऊ, 15 मार्च: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपना जीवन बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की सोच और आंदोलन को आगे बढ़ाने में समर्पित किया.

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कांशीराम को उनकी जयंती पर उत्तर प्रदेश और पूरे देश में उनके अनुयायियों की ओर से शत-शत नमन और श्रद्धांजलि. उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की विचारधारा को जीवित रखा और उनके कारवां को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष किया.”

उन्होंने जाति के आधार पर तोड़े और पछाड़े गए लोगों को ‘बहुजन समाज’ की एकता में जोड़ने के कांशीराम के ऐतिहासिक योगदान की सराहना की. मायावती ने बसपा के ‘सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति’ आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया.

बसपा प्रमुख ने बहुजन समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बसपा आंदोलन से जुड़ें और अपने वोट की ताकत से सत्ता की ‘मास्टर चाबी’ हासिल करें. इससे बाबासाहेब द्वारा संविधान में दिए गए अधिकारों को लागू किया जा सकेगा.

मायावती ने कहा कि ऐसा होने पर बहुजन समाज के लोग गुलामी और लाचारी से मुक्त होकर बेहतर जीवन जी सकेंगे, जो कांशीराम का मिशन भी रहा है.

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर ने भी कांशीराम की जयंती पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा, “कांशीराम साहब, आपकी नेक कमाई ने सोती कौम को जगाया.” चंद्रशेखर ने बहुजन नायक कांशीराम की जयंती पर उन्हें नमन किया और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी.

Leave a Comment