भारत-म्यांमार सीमा पर 23.72 करोड़ की मेथामफेटामाइन जब्त

चम्फाई, 20 मार्च: मिजोरम के चम्फाई जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट सुरक्षा बलों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है. असम राइफल्स और चम्फाई पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भारी मात्रा में मेथामफेटामाइन गोलियां बरामद की हैं. इन गोलियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 23.72 करोड़ रुपए आंकी गई है.

अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान सीमा क्षेत्र के संवेदनशील ह्मुनह्मेल्था रोड पर चलाया गया. यह क्षेत्र तस्करी के लिए जाना जाता है, जहां से अवैध गतिविधियों की सूचनाएं अक्सर मिलती रहती हैं. इसी आधार पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया.

तलाशी के दौरान टीम को एक लावारिस वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला. सुरक्षा कर्मियों ने जब वाहन की जांच की, तो उसमें छिपी हुई मेथामफेटामाइन गोलियां बरामद हुईं. कुल 7.907 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया, जो हाल के समय में इस क्षेत्र की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है.

अधिकारियों ने बताया कि बरामद की गई मेथामफेटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 23.72 करोड़ रुपए है. यह खेप संभवतः अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के माध्यम से भारत में लाई जा रही थी, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया.

इस कार्रवाई के दौरान एक वाहन भी जब्त किया गया है. हालांकि, वाहन के मालिक या तस्करों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है. सुरक्षाबल इस मामले में आगे की जांच कर रहे हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.

बरामद नशीले पदार्थ और जब्त वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चम्फाई के आबकारी एवं नशीले पदार्थ विभाग को सौंप दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाया जा सके.

अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर से तस्करी की सूचना पहले ही मिल गई थी. तलाशी अभियान चलाकर इसे जब्त किया गया है. आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. मेथामफेटामाइन गोलियां को कहां ले जाई जा रही थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.

Leave a Comment