
लखनऊ, 28 फरवरी: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई में कुख्यात बदमाश पवन उर्फ कल्लू को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया. यह घटना 27 फरवरी 2026 को थाना एकता क्षेत्र में हुई. मुठभेड़ के दौरान पवन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
पवन की पहचान गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र के सिरौली निवासी संतराम के पुत्र के रूप में हुई है. वह आगरा के थाना ताजगंज में दर्ज रंगदारी के मामले में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था. पुलिस के अनुसार, पवन रणदीप भाटी और अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर था.
उस पर हत्या के चार और रंगदारी के दो समेत कुल 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था. उस समय उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.
जेल में रहते हुए पवन हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आया. 2025 में जेल से रिहा होने के बाद उसने रंगदारी मांगने का काम शुरू कर दिया था. पुलिस को आशंका है कि वह इस गैंग के साथ मिलकर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था.
मुठभेड़ के दौरान पवन के पास से भारी मात्रा में कारतूस और असलहे बरामद किए गए. खास बात यह है कि मौके से बरामद 9 एमएम पिस्टल वर्ष 2016 में थाना बिसरख, गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में एक कांस्टेबल से लूटी गई थी. इस मामले में थाना बिसरख में केस नंबर 247/16 के तहत मुकदमा दर्ज है.