महाशिवरात्रि पर विपक्षी नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 15 फरवरी: महाशिवरात्रि के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, आपके जीवन में सुख, समृद्धि, प्रगति और आनंद का प्रकाश फैलता रहे, यही मेरी मंगलकामना है.”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा, “सभी देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं. शिवशक्ति की कृपा से आपके जीवन में हमेशा सुख, शांति और समृद्धि का वास हो.”

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने ‘एक्स’ पर महामृत्युंजय मंत्र ‘ॐ त्र्यंबकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्. उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय माऽमृतात्‌’ शेयर किया. इसके साथ उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों को पावन पर्व महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं. देवाधिदेव महादेव भगवान भोलेनाथ आप सबके जीवन में सुख-समृद्धि का संचार करें.”

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, “आप सभी को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें.” पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, “महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान शिव आप सभी को अपार खुशियां और अच्छी सेहत प्रदान करें.”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ पर कहा, “आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर, मैं बंगाल के सभी लोगों को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देती हूं. इस पावन दिन पर, मैं कामना करती हूं कि हम सभी के जीवन में शांति और धार्मिक सद्भाव बना रहे.”

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा के श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर की वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यहां बसता है विश्वास, बरसता है आशीर्वा. ‘सर्व मंगल-सर्व कल्याण’ की कामनाओं के साथ महाशिवरात्रि की महा-शुभकामनाएं.”

Leave a Comment