पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की

नई दिल्ली, मार्च 13: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन के साथ क्षेत्र की गंभीर स्थिति पर चर्चा की. उन्होंने संवाद और कूटनीति के माध्यम से समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया.

प्रधानमंत्री ने नागरिकों की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए भारत की शांति, स्थिरता और सुरक्षित पारगमन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से इलाके के गंभीर हालात पर बात की. बढ़ते तनाव और आम लोगों की जान जाने के साथ-साथ सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई. भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सामान व ऊर्जा के बिना रुकावट आने-जाने की जरूरत, भारत की शीर्ष प्राथमिकता बनी हुई है.”

चर्चा के दौरान, प्रधानमंत्री ने शांति और स्थिरता के लिए भारत के कमिटमेंट को दोहराया और बातचीत और कूटनीति की अपील की.

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच, भारत सभी से अपने संबंध मधुर बनाए हुए है. यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब ईरान संघर्ष की स्थिति में है. इजरायल के साथ उसकी जंग अभी भी खतरनाक बनी हुई है.

गुरुवार को ईरान ने इजरायल पर मिसाइलों से हमला किया. ईरान की ओर से इजरायल की राजधानी येरुशलम पर मिसाइलें दागी गईं. एक मिसाइल पुराने शहर, वेस्टर्न वॉल, अल-अक्सा मस्जिद और चर्च ऑफ द होली सेपुलकर के करीब गिरी, जिसके कारण नमाज़ कुछ समय के लिए रोक दी गई.

इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने ईरान की ओर से मिसाइलें दागने का दावा किया है. आईडीएफ का कहना है कि उनकी रक्षा प्रणाली सक्रिय होकर इन मिसाइलों को रोकने का प्रयास कर रही है. उन्होंने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

आईडीएफ ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “रक्षा प्रणाली इन खतरों को रोकने के लिए काम कर रही है. पिछले कुछ मिनटों में फ्रंट कमांड ने संबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन पर प्रारंभिक निर्देश जारी किए हैं. लोगों से अनुरोध है कि वे जिम्मेदारी से काम करें और दिए गए निर्देशों का पालन करें. अलर्ट मिलने पर सुरक्षित स्थान में प्रवेश करना आवश्यक है और नए निर्देश मिलने तक वहीं रहें.”

Leave a Comment