पीएम मोदी करेंगे कामाख्यागुड़ी रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन

कामाख्या गुड़ी, 14 मार्च: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च को कोलकाता से एक कार्यक्रम के माध्यम से अलीपुरद्वार जिले के कामाख्यागुड़ी रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. यह स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया गया है, जिससे यात्रियों के लिए सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किया गया है.

स्थानीय निवासियों ने कहा कि अपग्रेड किए गए स्टेशन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. एक निवासी ने बताया कि पुनर्विकास से कनेक्टिविटी बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों को लाभ होगा.

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “कामाख्या गुड़ी हमारा बहुत पुराना स्टेशन है. अमृत भारत का वादा पूरा हो गया है. प्रधानमंत्री इसे समर्पित करने वाले हैं. हमारे क्षेत्र में दस लाख की जनसंख्या है, और हम चाहते हैं कि यहां गाड़ियों के ठहराव की संख्या बढ़े. दिल्ली और दक्षिण की ओर यात्रा में सुविधा होगी. बांग्लादेश और भूटान की सीमा पास में है, इस स्टेशन पर गाड़ी के ठहराव से सभी को फायदा होगा.”

एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “कल इस स्टेशन का उद्घाटन होने जा रहा है. पीएम मोदी इसे समर्पित करेंगे. कामाख्या गुड़ी के लोगों में काफी खुशी है. स्टेशन को सजाया गया है और सुविधाओं में वृद्धि हुई है. हम प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं.”

इस बीच, शुक्रवार को असम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में लगभग 19,4800 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी. उन्होंने गुवाहाटी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और शहर के लोगों को शुभकामनाएं दीं.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मां कामाख्या के आशीर्वाद से 19,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया. असम को कई प्रकार की परियोजनाएं मिली हैं, जो ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और यात्रा की सुविधा बढ़ाने के लिए हैं. असम देश की नवीकरणीय ऊर्जा संबंधी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.”

Leave a Comment