
नई दिल्ली, 26 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय इजरायल के दौरे पर हैं. उन्होंने इजरायल की संसद में एक महत्वपूर्ण भाषण दिया, जिसके लिए उन्हें सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया. भाषण के बाद, पीएम मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू एक ही कार में सवार होकर एक म्यूजियम गए.
सोशल मीडिया पर पीएम मोदी ने नेतन्याहू के साथ एक तस्वीर साझा की. इस तस्वीर में दोनों नेता एक ही कार में दिखाई दे रहे हैं. पीएम मोदी ने लिखा, “संसद में मेरे भाषण के बाद, प्रधानमंत्री नेतन्याहू और मैं एक प्रदर्शनी में जा रहे हैं, जो टेक्नोलॉजी की दुनिया में हुई प्रगति को प्रदर्शित करती है.”
इससे पहले, पीएम मोदी को इजरायल के सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया. यरुशलम में संसद में सांसदों को संबोधित करने के तुरंत बाद, संसद अध्यक्ष अमीर ओहाना ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया.
पीएम मोदी का यह भाषण ऐतिहासिक था, क्योंकि यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया पहला भाषण था. अपने संबोधन में उन्होंने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और इसे दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच अटूट मित्रता की मान्यता बताया.
यह उपलब्धि पीएम मोदी की वैश्विक प्रतिष्ठा को और बढ़ाती है. वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें इजरायल और फिलिस्तीन दोनों की तरफ से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है. पीएम मोदी को 2018 में फिलिस्तीन राज्य का ग्रैंड कॉलर पुरस्कार भी मिला था, जो विदेशी व्यक्तियों के लिए सर्वोच्च फिलिस्तीनी सम्मान है.